श्री चेतन ज्योति आश्रम में भव्य भागवत कथा का शुभारंभ, भक्तिमय हुआ वातावरण

हरिद्वार। भूपतवाला स्थित श्री चेतन ज्योति आश्रम इन दिनों आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर है। पूज्य रामेश्वर बापू जी के सान्निध्य में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का श्रवण कर धर्म, भक्ति एवं सत्संग का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

कथा के शुभारंभ अवसर पर आश्रम परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। भजन-कीर्तन और संकीर्तन की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कथा के दौरान रामेश्वर बापू जी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सत्य, प्रेम, सेवा और भक्ति के मार्ग पर अग्रसर करने का दिव्य माध्यम है। उन्होंने कहा कि कथा श्रवण से मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा भगवान के प्रति श्रद्धा और समर्पण की भावना मजबूत होती है।

आश्रम परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है, जिससे आयोजन की भव्यता और अधिक बढ़ गई है। कथा के उपरांत श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा आयोजन की सफलता की कामना की।

आश्रम प्रबंधन के अनुसार कथा अवधि में प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ दूर-दराज क्षेत्रों से आए भक्त भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।

प्रबंधन का कहना है कि यह आयोजन समाज में धार्मिक जागरूकता बढ़ाने और आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।श्रीमद्भागवत कथा के इस पावन आयोजन से चेतन ज्योति आश्रम में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!