श्री स्वामिनारायण आश्रम में धूमधाम से मना अन्नकूट महोत्सव और गुजराती नववर्ष

भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित है अन्नकूट पर्व, समाज में समरसता और एकता का देता है संदेश : स्वामी हरिवल्लभ दास शास्त्री

हरिद्वार, 9 नवंबर। भूपतवाला स्थित श्री स्वामिनारायण आश्रम में अन्नकूट महोत्सव एवं गुजराती नववर्ष हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी हरिवल्लभ दास शास्त्री महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में गुजरात के विभिन्न शहरों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान श्री स्वामिनारायण को छप्पन भोग अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान भजन-कीर्तन और आतिशबाजी के बीच श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए स्वामी हरिवल्लभ दास शास्त्री महाराज ने कहा कि दीपावली के अगले दिन भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित अन्नकूट पर्व मनाया जाता है। इसी दिन गुजराती समाज के नववर्ष का भी शुभारंभ होता है। उन्होंने कहा कि अन्नकूट महोत्सव समाज में समरसता, सद्भाव और प्रकृति के प्रत्येक तत्व में ईश्वर की व्यापकता का संदेश देता है। यही कारण है कि इस पर्व का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व विशेष है।

महामंडलेश्वर स्वामी अनंतानंद महाराज ने सभी को अन्नकूट महोत्सव एवं गुजराती नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वामी हरिवल्लभ दास शास्त्री महाराज श्रद्धालुओं को धार्मिक मार्गदर्शन प्रदान करने के साथ संत समाज में समन्वय स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, उनके शिष्य कथाव्यास स्वामी आनंद स्वरूप शास्त्री महाराज भी गुरु के बताए मार्ग पर चलते हुए युवा संतों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

स्वामी आनंद स्वरूप शास्त्री महाराज ने सभी संतों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संत समाज का दायित्व लोगों को धर्म और अध्यात्म के प्रति जागरूक करने के साथ सांस्कृतिक रूप से एकजुट करना भी है।

स्वामी रविदेव शास्त्री एवं स्वामी निर्मल दास ने कहा कि श्री स्वामिनारायण आश्रम धर्म, संस्कृति और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दे रहा है।

महोत्सव के यजमान हरिवल्लभ भाई सरसैया, प्रतीक भाई चौहान और रमेश भाई चौहान ने संतों का फूलमालाओं से स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर स्वामी रामानुज सरस्वती, स्वामी कृष्णदेव, स्वामी परमानंद, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी निर्मलदास, कोठारी जयेंद्र स्वामी, स्वामी धर्मानंदन, स्वामी गंगासागर, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी, योगेश भगत, पार्षद सूरज शर्मा, समाजसेवी अमित गुप्ता, एडवोकेट अरविंद शर्मा सहित अनेक संत-महंत और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!