जीआरपी लक्सर पुलिस ने चोरी की घटना का किया खुलासा, आरोपी के आपराधिक इतिहास की जुटाई जा रही जानकारी
हरिद्वार। रुड़की रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से आईफोन चोरी करने के मामले में जीआरपी लक्सर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब 30 हजार रुपये कीमत का एप्पल आईफोन बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को सगुन कुमार पुत्र चेतराम सिंह, निवासी छजलैट, मुरादाबाद ने जीआरपी रुड़की चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 28 अक्टूबर की रात रुड़की रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 13307 गंगा-सतलुज एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका एप्पल आईफोन चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर जीआरपी ने मुकदमा अपराध संख्या 30/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
एसपी रेलवे के निर्देश पर गठित की गई टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेलवे सुश्री अरुणा भारती के आदेश और पुलिस उपाधीक्षक अनुज कुमार के दिशा-निर्देशों में प्रभारी निरीक्षक जीआरपी लक्सर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए 28 अक्टूबर को रुड़की रेलवे स्टेशन के किलोमीटर खंभा संख्या 1006 के पास से आरोपी मौ. मोईन पुत्र मतलूब, निवासी कुंडीस्तान, रामपुर चुंगी, थाना कोतवाली गंगनहर, रुड़की, हरिद्वार, उम्र करीब 28 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया आईफोन भी बरामद हुआ।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोबाइल फोन रेलवे स्टेशन पर किसी व्यक्ति से चोरी करने की बात बताई। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक सुशील कुमार तिवारी, प्रभारी चौकी जीआरपी रुड़की।
हेड कांस्टेबल सतवीर सिंह।
हेड कांस्टेबल अनिरुद्ध त्यागी।
कांस्टेबल विनोद कुमार।
कांस्टेबल चंद्रकिरण।

