सनातन ग्रंथों की प्रामाणिकता जांचने के लिए बनेगी विद्वानों की समिति: रामदेव

पतंजलि विश्वविद्यालय में 29 से 31 अक्टूबर तक होगा 52वां अखिल भारतीय प्राच्य विद्या सम्मेलन, देशभर के धर्माचार्य और संस्कृत विद्वान होंगे शामिल

हरिद्वार। पतंजलि विश्वविद्यालय में 29 से 31 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 52वें अखिल भारतीय प्राच्य विद्या सम्मेलन को लेकर कनखल स्थित दिव्य योग मंदिर के कृपालु बाग आश्रम में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के सान्निध्य में आयोजित प्रेसवार्ता में सनातन धर्म के प्राचीन ग्रंथों की प्रामाणिकता, उनकी व्याख्या और भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

स्वामी रामदेव ने कहा कि सनातन धर्म के प्राचीन ग्रंथों में कथित मिलावट, देवी-देवताओं और पूर्वजों के चरित्र को लेकर किए जा रहे दुष्प्रचार तथा शास्त्रों की गलत व्याख्या से समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय प्राच्य विद्या सम्मेलन के माध्यम से सनातन धर्म के मूल स्वरूप को सामने लाने और प्राचीन ग्रंथों की प्रामाणिकता की जांच के लिए अभियान शुरू करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि वेदों और सनातन परंपरा का मूल संदेश सत्य, न्याय, समानता और सर्वकल्याण है। वर्ण व्यवस्था को जन्म के बजाय कर्म के आधार पर समझने की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी जाति, वर्ग या महिला का अपमान सनातन धर्म के मूल सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है।

स्वामी रामदेव ने बताया कि प्राचीन ग्रंथों में प्रक्षेप और गलत व्याख्याओं की पहचान के लिए विद्वानों की समिति गठित करने की योजना है। इसके तहत वेद, उपनिषद, रामायण, महाभारत, पुराणों और विभिन्न दर्शनों के ग्रंथों का अध्ययन कर उनके प्रामाणिक पाठ और सही व्याख्या को प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संस्कृत के गहन अध्ययन और शास्त्रीय ज्ञान के आधार पर ही प्राचीन ग्रंथों की व्याख्या किए जाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य सनातन धर्म की शिक्षाओं को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना और नई पीढ़ी को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि शास्त्रों के अध्ययन और प्रमाणों के आधार पर सनातन परंपरा से जुड़े विषयों को समाज के सामने रखा जाएगा।

देशभर के विद्वान और धर्माचार्य होंगे शामिल

स्वामी रामदेव के अनुसार, 104 वर्ष पुरानी अखिल भारतीय प्राच्य विद्या सम्मेलन की परंपरा के अंतर्गत आयोजित होने वाले 52वें अधिवेशन में देश के प्रमुख धर्माचार्य, शंकराचार्य अथवा उनके प्रतिनिधि, शैव और वैष्णव परंपराओं के संत, विभिन्न अखाड़ों के प्रतिनिधि तथा संस्कृत के विद्वान शामिल होंगे। सम्मेलन में लगभग चार से पांच हजार संस्कृत विद्वानों और सैकड़ों आध्यात्मिक गुरुओं के भाग लेने की संभावना है।

उन्होंने आयोजन को गैर-राजनीतिक बताते हुए कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य सनातन धर्म के प्रामाणिक स्वरूप, भारतीय दर्शन और प्राचीन ज्ञान परंपरा को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करना है। तीन दिवसीय सम्मेलन में विद्वानों के विचार-विमर्श के माध्यम से प्राचीन भारतीय ग्रंथों के अध्ययन और उनकी प्रमाणिक व्याख्या से जुड़े विषयों पर मंथन किया जाएगा।

प्रेसवार्ता में कई विद्वान रहे मौजूद

प्रेसवार्ता में आचार्य बालकृष्ण, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी, पतंजलि विश्वविद्यालय की प्रति कुलपति डॉ. साध्वी देवप्रिया, एआईओसी की महासचिव प्रो. कविता होले, संयुक्त सचिव प्रो. शिवानी वी., प्रो. अरुण रंजन मिश्रा, प्रो. रमाकांत पांडेय और मयंक अग्रवाल सहित अन्य विद्वानों की सहभागिता रही। सम्मेलन का उद्घाटन 29 अक्टूबर को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!