(रितिक कुमार)
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के भूपतवाला स्थित प्रसिद्ध भूमानंद आश्रम में आज भगवान श्री जगन्नाथ जी की दिव्य मूर्ति का विधि-विधानपूर्वक अनावरण किया गया। इस पावन अवसर पर यज्ञ-अनुष्ठान और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।कार्यक्रम में प्रातः स्मरणीय जगतगुरु स्वामी अच्युतानंद तीर्थ जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि जहां भगवान जगन्नाथ का वास होता है, वहां सभी नकारात्मकता और विकारों का अंत हो जाता है तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से भक्तों के जीवन में भक्ति और आनंद का प्रवाह बना रहता है।इस अवसर पर श्रीजगन्नाथ मंदिर पुरी से आए पुरोहित पूर्णानंद महापात्र एवं रवि नारायण महापात्र सहित बड़ी संख्या में पुरी के श्रद्धालु विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी भक्तगण भगवान श्री जगन्नाथ जी की मूर्ति को लेकर आश्रम पहुंचे और भक्ति भाव के साथ अनावरण कार्यक्रम में सहभागी बने।पूरे आश्रम परिसर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं के लिए सुख-समृद्धि और भगवान जगन्नाथ की कृपा की कामना की।

