(रितिक कुमार)
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार स्थित श्री शंभू पंचायती अटल अखाड़ा के पावन परिसर में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आध्यात्मिक कार्यक्रम सनातन धर्म की मूल भावना को सुदृढ़ करने, भक्ति भाव को जागृत करने तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
अखाड़ा प्रशासन के अनुसार, इस पावन आयोजन के माध्यम से सनातन संस्कृति के संरक्षण, राष्ट्रभक्ति की भावना और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है। श्री शंभू पंचायती अटल अखाड़ा प्राचीन काल से अपने अटल सिद्धांतों, संन्यास परंपरा और समाज सेवा के लिए विशेष पहचान रखता है।
कथा स्थल पर प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जहां भक्तगण श्रीमद् भागवत के अमृतमय ज्ञान का रसपान कर रहे हैं। आयोजन में साधु-संतों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
अखाड़ा की ओर से सभी श्रद्धालु भक्तों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस दिव्य कथा का श्रवण करें और अपने जीवन को आध्यात्मिक ज्ञान से समृद्ध बनाएं।

