हरिद्वार। चरण पादुका मंदिर परिसर में आयोजित कांवड़ सेवा शिविर में वरिष्ठ पत्रकार अनिल बिष्ट को एलएलएम (मास्टर ऑफ लॉ) की डिग्री प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी, श्रीमहंत दर्शन भारती महाराज तथा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने उन्हें सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मनुष्य को जीवनभर विद्यार्थी बने रहना चाहिए। सीखने की भावना कभी समाप्त नहीं होनी चाहिए, क्योंकि निरंतर ज्ञान अर्जित करने वाला व्यक्ति ही जीवन में सफलता, संस्कार और आत्मिक उन्नति प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा का विशेष महत्व है और गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि जीवन जीने की सही दिशा भी दिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
श्रीमहंत दर्शन भारती महाराज ने कहा कि गुरु के सान्निध्य में प्राप्त शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देती है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान और नैतिक संस्कारों के बिना शिक्षा अधूरी है तथा विद्यार्थियों को सेवा, विनम्रता और अनुशासन को अपने जीवन का आधार बनाना चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि उनमें सीखने की जिज्ञासा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो जाए तो वे समाज और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने की अपील की।
सीओ भावना कैंथोला ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रहित की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश वालिया ने वरिष्ठ पत्रकार अनिल बिष्ट को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे पत्रकारिता के साथ-साथ विधि के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे। सम्मान से अभिभूत अनिल बिष्ट ने सभी संत-महापुरुषों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उनका आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम में सुनील दत्त पाण्डेय, मुदित अग्रवाल, रामेश्वर गौड़, प्रमोद गिरि, महावीर नेगी, सुमित यश कल्याण, सुमेश, विकास चौहान, मनोजानंद, वासु राजपूत, राजकुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

