(रितिक कुमार)
हरिद्वार। कनखल क्षेत्र स्थित श्री गुरु गोरक्ष नाथ मंदिर से पवित्र छड़ी यात्रा का श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ शुभारंभ किया गया। महंत वेदनाथ जी महाराज के नेतृत्व में निकली छड़ी यात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। ढोल-नगाड़ों के साथ निकली यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा और वातावरण भगवान गुरु गोरक्ष नाथ के जयकारों से गुंजायमान रहा।

पवित्र छड़ी यात्रा के दर्शन करने के लिए बच्चे, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। यात्रा के विभिन्न स्थानों पर पहुंचने पर लोगों ने श्रद्धापूर्वक छड़ी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालु लगातार “जय गुरु गोरक्ष नाथ” के जयकारे लगाते रहे, जिससे पूरा कनखल क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।
भ्रमण के बाद पवित्र छड़ी यात्रा शाम को वापस श्री गुरु गोरक्ष नाथ मंदिर पहुंची। मंदिर परिसर में यात्रा के पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ उसका भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से मंदिर परिसर में आस्था और भक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिला।

छड़ी यात्रा के मंदिर परिसर में पहुंचने के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

