श्री राम कृपा धाम आश्रम में श्रीमद्भागवत कथा का दिव्य आयोजन

(रितिक कुमार)

हरिद्वार। पीपल वाली गली स्थित श्री राम कृपा धाम आश्रम में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य एवं दिव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में किया जा रहा है। कथा का शुभारंभ विधिवत कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान श्रीहरि के जयकारों के साथ कथा का शुभारंभ किया।

कथा व्यास साध्वी डॉ. विश्वेश्वरी देवी जी महाराज द्वारा श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण का रसपान कराया जा रहा है। कथा आयोजन में श्रीमती सविता एवं श्री सतीश बवेजा, श्री करण बवेजा, श्री वरुण बवेजा सहित राठौरा खुर्द, हस्तिनापुर, मेरठ निवासी समस्त बवेजा परिवार श्रद्धापूर्वक उपस्थित रहा।

पितृ पक्ष के दौरान आयोजित की जा रही श्रीमद्भागवत कथा का विशेष धार्मिक महत्व बताया गया। आयोजकों के अनुसार कथा का आयोजन पितरों की शांति एवं मोक्ष की कामना के साथ-साथ गोसेवा के संकल्प को लेकर किया जा रहा है। साध्वी डॉ. विश्वेश्वरी देवी जी ने कहा कि कथा में चढ़ावे के रूप में प्राप्त होने वाली समस्त धनराशि गोसेवा के लिए समर्पित की जाएगी।

उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा श्रवण के साथ सेवा, परोपकार और गोसेवा के कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल आध्यात्मिक ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि मनुष्य को धर्म, सत्य, सदाचार, सेवा और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देती है।

कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, उनके चरित्र एवं भक्तों की आस्था से जुड़े विभिन्न आध्यात्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जा रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं। आश्रम परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने तथा गोसेवा के इस संकल्प में सहभागी बनने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!