(रितिक कुमार)
हरिद्वार। ऋषिकेश रोड स्थित श्री रणकेश्वर धाम में महाराज के सानिध्य में आयोजित निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर के तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपचार एवं परामर्श के लिए पहुंचे। शिविर में बिना दवाई फिजियोथेरेपी के माध्यम से विभिन्न शारीरिक समस्याओं के लिए विशेषज्ञों द्वारा परामर्श एवं उपचार प्रदान किया जा रहा है।
शिविर में सर्वाइकल, कमर व घुटनों के दर्द, कंधे की समस्या, माइग्रेन तथा नसों से जुड़ी परेशानियों सहित अन्य शारीरिक समस्याओं के लिए फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मरीजों को उनकी समस्या के अनुसार आवश्यक व्यायाम एवं फिजियोथेरेपी तकनीकों के संबंध में भी जानकारी दी जा रही है।
शिविर में डॉ. गुरदीप सिंह (डीपीटी फिजियो एक्सपर्ट), डॉ. रवि कुमार एवं डॉ. मन्जन कुमार मरीजों को अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार उचित व्यायाम एवं शारीरिक तकनीकों के माध्यम से फिजियोथेरेपी शरीर की कार्यक्षमता और गतिशीलता में सुधार लाने में सहायक हो सकती है। वहीं आयुर्वेद में प्राकृतिक एवं जीवनशैली आधारित उपायों पर जोर दिया जाता है। दोनों पद्धतियों का उपयोग योग्य विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार किया जाना चाहिए।
आयोजकों ने बताया कि यह निःशुल्क शिविर 20 से 24 सितंबर तक प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर में लगातार बढ़ रही लोगों की भागीदारी को देखते हुए आयोजकों ने सभी आयु वर्ग के लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की है।

