(रितिक कुमार)
हरिद्वार। जगजीतपुर में बैंक ऑफ इंडिया की नई शाखा का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। शाखा का उद्घाटन बैंक के चंडीगढ़ स्थित फील्ड महाप्रबंधक अनिल कुमार वर्मा, देहरादून अंचल के प्रबंधक भानु प्रताप सिंह और जगजीतपुर शाखा प्रबंधक अंशुल गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। नई शाखा खुलने से क्षेत्र के ग्रामीणों और शहरी उपभोक्ताओं को बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
इस अवसर पर फील्ड महाप्रबंधक अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना बैंक की प्राथमिकता है। जगजीतपुर में नई शाखा खुलने से स्थानीय लोगों को बैंकिंग सेवाओं के लिए अधिक सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उपभोक्ताओं तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

देहरादून अंचल के प्रबंधक भानु प्रताप सिंह ने बैंकिंग सेवाओं में ग्राहकों के साथ बेहतर व्यवहार और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के महत्व पर जोर दिया।
शाखा प्रबंधक अंशुल गुप्ता ने कहा कि बैंक में आने वाले उपभोक्ताओं को ऋण संबंधी योजनाओं और प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि शाखा में ग्राहकों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी जरूरतों के अनुरूप सेवाएं देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से बचत की आदत विकसित करने की अपील करते हुए कहा कि नियमित बचत आर्थिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

