हरिद्वार। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में सड़क अवसंरचना, पर्यटन विकास, बाढ़ सुरक्षा, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं जन सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों के लिए प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के अंतर्गत भारत सरकार से स्वीकृत 09 कार्यों के लिए ₹288.41 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही प्रथम किश्त के रूप में 40 प्रतिशत यानी ₹115.36 करोड़ की धनराशि अवमुक्त किए जाने का भी अनुमोदन किया गया है।
इसी क्रम में श्री बद्रीनाथ धाम में प्रस्तावित रिवर फ्रंट डेवलपमेंट कार्य की पुनरीक्षित लागत के तहत वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करते हुए चालू वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार के पर्यटन अवस्थापना मद से ₹6 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सेक्टर के अंतर्गत मानसून अवधि में बाढ़ सुरक्षा कार्यों, क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण तथा बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों के निर्माण के लिए पिथौरागढ़, चमोली, देहरादून, उत्तरकाशी एवं पौड़ी गढ़वाल जनपदों की 06 योजनाओं के लिए ₹9.30 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान किए जाने का अनुमोदन किया है।
धार्मिक स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता देते हुए अल्मोड़ा जनपद के विधानसभा क्षेत्र सल्ट में मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत शक्तिपीठ भौनादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹50 लाख की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
वहीं पिथौरागढ़ जनपद के विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट की कुणिया ग्राम सभा में तपड़ी घाट से गोलमानू प्राथमिक विद्यालय तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹72.63 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।
अल्मोड़ा जनपद के विधानसभा क्षेत्र जागेश्वर के चलनीछीना में घटीका मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए भी मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत ₹99.39 लाख की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसके अलावा हल्द्वानी स्थित श्रम भवन परिसर में लिफ्ट संयोजन के निर्माण कार्य के लिए ₹30.30 लाख की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करते हुए कार्य को मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से सड़क, पर्यटन, धार्मिक स्थलों, बाढ़ सुरक्षा एवं जन सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

