हरिद्वार। श्री श्री 1008 श्री शांति देवी जी महाराज (संस्थापिका, श्री प्रेम मंदिर, पानीपत) की पावन स्मृति में हरिद्वार स्थित हरमिलाप भवन में श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भाव के साथ भव्य संत भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, गुरु प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री हर मिलाप मिशन के परमाध्यक्ष श्री श्री 108 श्री मदन मोहन हरमिलाप जी महाराज ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि श्री शांति देवी जी महाराज का संपूर्ण जीवन सेवा, भक्ति और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श और शिक्षाएं आज भी समाज को मानव सेवा एवं आध्यात्मिक मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।

कार्यक्रम का संचालन श्री हर मिलाप मिशन के प्रचारक प्रवीन सेठी ने किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए श्री शांति देवी जी महाराज के आध्यात्मिक जीवन, सेवा कार्यों एवं उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला तथा सभी से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने जानकारी दी कि श्री हर मिलाप मिशन, हरिद्वार का 119वां वार्षिक उत्सव 10 से 12 जुलाई तक श्री श्री मदन मोहन हरमिलाप जी महाराज की अध्यक्षता में हर्षोल्लास एवं भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर पानीपत से पधारे श्री 108 बहन कांत जी महाराज ने प्रेरणादायी सत्संग कर उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया। दूर-दराज़ से आए गुरु प्रेमियों ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
भंडारे में संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सफलता और विश्व कल्याण की कामना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति, श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।

