(रितिक कुमार)
हरिद्वार। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर 29 सितंबर को हरिद्वार स्थित मेड्रिक्स हॉस्पिटल में निशुल्क हृदय जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर हृदय संबंधी जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ से परामर्श के साथ बीपी, बीएमआई, ईसीजी, शुगर एवं कोलेस्ट्रॉल की जांच निशुल्क की गई। इसके अलावा लोगों को आहार एवं जीवनशैली से संबंधित आवश्यक परामर्श भी दिया गया। दवाइयों, लैब जांच, ईको, टीएमटी एवं होल्टर जांच पर विशेष छूट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

मेड्रिक्स हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. कृष्णा एस.के. के सानिध्य में आयोजित शिविर में लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। डॉ. कृष्णा ने नियमित व्यायाम करने, ताजे फल एवं हरी सब्जियों का पर्याप्त सेवन करने तथा नमक और चीनी का सीमित मात्रा में प्रयोग करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरी जीवनशैली में तनाव हृदय स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण जोखिम कारक हो सकता है। ऐसे में तनाव को नियंत्रित करने के साथ नियमित शारीरिक गतिविधि और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विश्व हृदय दिवस का उद्देश्य लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
शिविर में पहुंचे लोगों ने निशुल्क जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा का लाभ उठाया। अस्पताल प्रबंधन ने लोगों से अपील की कि हृदय को स्वस्थ रखना केवल उपचार का विषय नहीं, बल्कि जागरूकता और नियमित स्वस्थ आदतों को अपनाने का संकल्प भी है।

