जिला पंचायत परिसर में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, चलाया स्वच्छता अभियान

हरिद्वार, 15 अगस्त। जिला पंचायत कार्यालय परिसर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी (राजेंद्र सिंह) ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जिला पंचायत सदस्य, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने जनपद एवं प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अनेक वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन अमर शहीदों को शत-शत नमन करते हुए उन्होंने कहा कि देश की उन्नति और प्रगति के लिए सभी को मिलजुलकर प्रयास करना होगा।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने गांवों को शहरों से जोड़ने के लिए सड़कों के विकास पर विशेष काम किया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोगों की सुविधाओं और कल्याण के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ किसान, मजदूर और उद्यमियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों को मिल रहा है।

किरण चौधरी ने कहा कि 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य की ओर देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिला पंचायत के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

स्वतंत्रता दिवस पर चलाया स्वच्छता अभियान

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने स्वच्छता का संदेश देते हुए जिला पंचायत परिसर में सफाई अभियान भी चलाया। उन्होंने कहा कि “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” के संकल्प को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। स्वच्छता के प्रति प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान ने कहा कि देश की आजादी के लिए वीर शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके बलिदान को देशवासी हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर देश की प्रगति में योगदान देना होगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना की। इसके बाद उपस्थित लोगों के बीच मिठाई वितरित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!