(रितिक कुमार)
हरिद्वार। भूपतवाला स्थित श्री विश्वनाथ धाम आश्रम में गणेश चतुर्थी महोत्सव श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। महोत्सव के अवसर पर भगवान श्री गणेश की विशेष पूजा-अर्चना विधि-विधान के साथ संपन्न कराई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा में सहभागिता कर भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया।

गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर भगवान गणेश का 16-16 हजार लड्डू, केले, नारियल, गन्ने, सफेद तिल, चिड़वा, धान की खिल एवं सत्तू से विशेष अर्चन किया गया। भव्य पूजन एवं अर्चन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आश्रम परिसर में गणपति बप्पा के जयकारों और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
महोत्सव में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की आराधना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन नजर आए और उन्होंने भगवान गणेश के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।

गणेश चतुर्थी महोत्सव के अवसर पर महामंडलेश्वर आशुतोष प्रकाश प्रखर जी महाराज, राष्ट्रीय संरक्षक विश्व हिंदू परिषद बड़े दिनेश जी, महामंडलेश्वर स्वामी यतीन्द्रानंद जी महाराज, संत महंत महादेव दास बाबा जी नंदा देवी पीठेश्वर तथा विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल सदस्य एवं कार सेवक और गंगा सभा अध्यक्ष श्री नितिन गौतम जी सहित अन्य संत-महंत एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

महोत्सव के दौरान संत-महापुरुषों ने भगवान श्री गणेश की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गणपति प्रथम पूज्य देव हैं और उनकी आराधना से जीवन में शुभता एवं मंगल का संचार होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए धर्म और संस्कारों से जुड़े रहने का आह्वान किया।

