हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के भूपतवाला स्थित अग्रवाल भवन में जियालाल गर्ग परिवार, उचाना कला द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनी हुई है। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर श्रीमद् भागवत महापुराण का रसपान कर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।
कथा व्यास कुंज बिहारी दास जी भक्तमाली जी ने अपने ओजस्वी प्रवचनों में कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सत्य, भक्ति और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान के नाम स्मरण, सत्संग एवं धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी लीलाओं, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक प्रसंगों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु कथा श्रवण के दौरान भावविभोर नजर आए। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में भागवत कथा समाज में नैतिकता, सदाचार और आध्यात्मिक चेतना जागृत करने का सशक्त माध्यम है।
आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की गईं। कथा समापन के पश्चात प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
स्थानीय श्रद्धालुओं सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे सनातन संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाला प्रेरणादायी आयोजन बताया।

