(रितिक कुमार)
हरिद्वार, अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर सन्यास रोड स्थित रामेश्वर आश्रम धाम में ‘राम रसोई’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती, महानिर्वाणी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद, श्रीमहंत रविंद्रपुरी, स्वामी गिरधर गिरी, महंत देवानंद सरस्वती एवं अन्य संत-महात्माओं के सान्निध्य में दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी तथा समाजसेवी गौरव भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। राम रसोई के संचालक गौरव भारद्वाज ने सभी संतों एवं अतिथियों का फूलमाला और पटका पहनाकर स्वागत किया।
महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि हरिद्वार में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। अयोध्या की तर्ज पर यहां ‘राम रसोई’ की शुरुआत की गई है, जहां भक्तों को पूरे दिन भोजन प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें पुण्य लाभ प्राप्त होगा।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि संत समाज द्वारा शुरू की गई यह सेवा हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। वहीं स्वामी विशोकानंद ने कहा कि संतों द्वारा समाजहित में किए गए कार्य सदैव सफल होते हैं और यह रसोई भी सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगी।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि हरिद्वार भगवान शिव की नगरी है, जहां विभिन्न स्नान पर्व, चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में ‘राम रसोई’ जैसी व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान धनंजय, राहुल, अमित, सचिन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और सभी ने प्रसाद ग्रहण कर इस पहल की सराहना की।

