(रितिक कुमार)
हरिद्वार। भूपतवाला स्थित परमार्थ आश्रम में परम श्रद्धेय स्वामी कृष्णाचार्य जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित श्रीमद् भागवत रस महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के वातावरण में संपन्न हो रहा है। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर श्रीमद् भागवत कथा का रसपान किया तथा धर्म लाभ अर्जित किया।

कथा प्रवचन के दौरान स्वामी कृष्णाचार्य जी महाराज ने श्रीमद् भागवत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य मार्गदर्शन है। उन्होंने कहा कि भगवान के प्रति श्रद्धा, समर्पण और सत्कर्मों से ही जीवन सफल बनता है तथा भागवत कथा मनुष्य के भीतर भक्ति और संस्कारों का संचार करती है।
महोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर भगवान का गुणगान करते नजर आए। इस अवसर पर कृष्ण मुरारी नायटा कोलकाता परिवार ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने का कार्य करते हैं और कथा श्रवण से श्रद्धालुओं को पुण्य लाभ प्राप्त होता है।
आयोजन समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं विशाल भंडारे की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, संत-महात्मा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

