गोपेश्वर। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद लापता श्रमिकों की तलाश एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेजा गया है।

टनल में लापता दो अन्य श्रमिकों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें युद्धस्तर पर सर्च अभियान चला रही हैं। टनल के भीतर मौजूद पानी की निकासी का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए सक्शन पंप समेत अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद ली जा रही है, ताकि रेस्क्यू टीमों की आवाजाही सुगम हो सके और संभावित स्थानों तक पहुंचकर लापता श्रमिकों की खोज की जा सके।

राहत एवं बचाव अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय के साथ जुटी हुई हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन की लगातार निगरानी की जा रही है और अभियान को गति देने के लिए आवश्यक संसाधन एवं उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रशासन ने लापता दोनों श्रमिकों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। टनल के भीतर सभी संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता के साथ कार्य करते हुए लापता श्रमिकों तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं।

