बिल्केश्वर महादेव मंदिर में सच्चे मन से पूजा करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं होती हैं पूर्ण : श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज

हरिद्वार,।अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि बिल्केश्वर महादेव मंदिर भगवान शिव और माता पार्वती की तपस्या एवं साधना से जुड़ा पावन स्थल है। यहां सच्चे मन और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करने वाले भक्तों की भगवान शिव एवं माता पार्वती की कृपा से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

बिल्केश्वर महादेव मंदिर में आयोजित वार्षिक समारोह में श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए माता पार्वती ने इसी पावन स्थान पर कठोर तपस्या की थी। तपस्या के दौरान माता पार्वती ने आहार के रूप में केवल बिल्व वृक्ष के पत्तों का सेवन किया। माता पार्वती की कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें अपनी अर्द्धांगिनी के रूप में स्वीकार किया और इसी स्थान पर बिल्केश्वर महादेव के रूप में विराजमान हुए।

उन्होंने कहा कि बिल्केश्वर महादेव मंदिर की महिमा अत्यंत अद्भुत है। जो भी श्रद्धालु पूर्ण श्रद्धा, विश्वास और सच्चे मन से भगवान शिव की आराधना करता है, उस पर भोलेनाथ और माता पार्वती की विशेष कृपा बनी रहती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान शिव की भक्ति के साथ-साथ धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

वार्षिक समारोह के अवसर पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त पहुंचे और भगवान बिल्केश्वर महादेव के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान संत-महात्माओं ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया।

कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी रामानुज सरस्वती, स्वामी अनंतानंद, महंत राज गिरी, महंत सतीश वन, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि, स्वामी दिनेश दास, मेयर किरण जैसल, गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम, मेयर प्रतिनिधि सुभाषचंद, पार्षद राजेश शर्मा, भाजपा नेता आशु चौधरी, अनिल मिश्रा, भोला शर्मा, पंडित अधीर कौशिक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!