परमार्थ विद्या मंदिर में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

ऋषिकेश। परमार्थ विद्या मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को धर्म, प्रेम, विवेक, करुणा, साहस और कर्तव्य के संस्कारों को जीवन में आत्मसात करने के संकल्प के रूप में मनाया।

जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय परिसर में श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की मनमोहक झांकी सजाई गई। छात्र-छात्राओं ने भक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और शिक्षाओं को जीवंत किया। नन्हे-मुन्ने बच्चे कृष्ण और राधा के रूप में बेहद आकर्षक नजर आए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।

इस अवसर पर श्रीकृष्ण के जन्म के आध्यात्मिक संदेश पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि श्रीकृष्ण का जन्म अंधकार के बीच प्रकाश के प्राकट्य का प्रतीक है। उनका जीवन यह संदेश देता है कि परिस्थितियां कितनी भी विपरीत क्यों न हों, विश्वास, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलते हुए प्रकाश की ओर बढ़ा जा सकता है।

विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रीकृष्ण के जीवन के विभिन्न पहलुओं और उनकी शिक्षाओं को बच्चों के सामने रखा गया। श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप से लेकर उनके जगद्गुरु स्वरूप तक के विभिन्न आयामों को सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में भगवद्गीता के संदेश को भी बच्चों के जीवन से जोड़ते हुए बताया गया कि आज के समय में बाहरी चुनौतियों के साथ-साथ मनुष्य को अपने भीतर के भय, मोह, भ्रम और तनाव से भी संघर्ष करना पड़ता है। श्रीकृष्ण की शिक्षाएं बच्चों और युवाओं को कर्तव्य के प्रति निष्ठा, कर्म पर विश्वास तथा परिणाम की चिंता से मुक्त होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

परमार्थ विद्या मंदिर में मनाई गई जन्माष्टमी ने यह संदेश दिया कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संस्कार केवल पुस्तकों के माध्यम से नहीं, बल्कि उत्सवों और अनुभवों के जरिए भी बच्चों के हृदय में गहराई से उतरते हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भक्ति, उल्लास और संस्कारों से सराबोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!