(रितिक कुमार)
हरिद्वार। ज्वालापुर रेलवे फाटक मार्ग स्थित उडुपी एक्सप्रेस रेस्टोरेंट का भव्य शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं विधायक मदन कौशिक ने विधिवत फीता काटकर किया। इस अवसर पर रेस्टोरेंट स्वामी मनोज चौहान ने बुके भेंट कर कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया।
उद्घाटन अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने मनोज चौहान एवं उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उडुपी एक्सप्रेस के शुरू होने से ज्वालापुर एवं आसपास के क्षेत्रवासियों को स्वादिष्ट भोजन के साथ बेहतर सेवा और सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि पारंपरिक भोजन हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है और धर्मनगरी हरिद्वार में शुद्ध एवं सात्विक भोजन की विशेष पहचान रही है।
उन्होंने कहा कि किसी भी खाद्य प्रतिष्ठान की सफलता के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन के साथ स्वच्छता, बेहतर सुविधाएं और अच्छी सेवा भी महत्वपूर्ण होती है। ग्राहकों को स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ उन्हें बेहतर वातावरण देना भी व्यवसाय की सफलता में अहम भूमिका निभाता है।
रेस्टोरेंट स्वामी मनोज चौहान ने बताया कि उडुपी एक्सप्रेस में ग्राहकों की पसंद और भोजन की गुणवत्ता को विशेष प्राथमिकता दी गई है। यहां साउथ इंडियन एवं नॉर्थ इंडियन व्यंजनों के साथ चाइनीज, डोसा, इडली, वड़ा सहित विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट का उद्देश्य ग्राहकों को स्वच्छ एवं पारिवारिक वातावरण में गुणवत्तापूर्ण भोजन और बेहतर सेवा प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि परिवार के साथ आने वाले ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेस्टोरेंट में पारिवारिक माहौल का विशेष ध्यान रखा गया है। साथ ही युवाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए भी विभिन्न प्रकार के व्यंजन मेन्यू में शामिल किए गए हैं।
मनोज चौहान ने कहा कि सेवा और गुणवत्ता के संकल्प के साथ उडुपी एक्सप्रेस की शुरुआत की गई है। ग्राहकों की संतुष्टि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और प्रयास रहेगा कि स्थानीय लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद मिल सके।
शुभारंभ अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान, राजबीर चौहान, शौर्य चौहान, अमित चौहान, बलवीर सिंह, सुरेंद्र चौहान, मयंक गुप्ता, विनय चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मनोज चौहान एवं उनके परिवार को रेस्टोरेंट के शुभारंभ पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

