हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार की नामित पार्षद श्रीमती ममता गुप्ता ने वार्ड नंबर 21 स्थित निकुंज बिहार फेस-3 के गेट के सामने जमा गंदगी की समस्या के समाधान और स्थल के सौंदर्यीकरण को लेकर पहल की है। इस संबंध में उन्होंने नगर निगम की महापौर श्रीमती किरण जैसल के प्रतिनिधि श्री सुभाष जैसल को प्रार्थना पत्र सौंपकर आवश्यक व्यवस्थाएं कराने का अनुरोध किया।
प्रार्थना पत्र के माध्यम से उक्त स्थान पर गंदगी के ढेर को समाप्त कर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की मांग की गई है। इसके साथ ही वहां सौंदर्यीकरण के तहत बेंच एवं गमले लगाने, मिनी जिम स्थापित करने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने का प्रस्ताव रखा गया है। इन व्यवस्थाओं के होने से स्थानीय निवासियों को स्वच्छ वातावरण के साथ-साथ बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं भी मिल सकेंगी।
श्रीमती ममता गुप्ता ने उम्मीद जताई कि महापौर श्रीमती किरण जैसल इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निगम के सहयोग से इस स्थान को सुंदर एवं व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा और क्षेत्रवासियों को गंदगी की समस्या से राहत मिलेगी।
स्थानीय स्तर पर इस प्रकार की पहल से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, सुंदरता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

