सी एंड एस इलेक्ट्रिक लिमिटेड ने श्यामपुर इंटर कॉलेज को दी आधुनिक डिजिटल कंप्यूटर लैब, छात्रों को मिलेगा तकनीकी शिक्षा का लाभ

हरिद्वार। शिक्षा और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सी एंड एस इलेक्ट्रिक लिमिटेड ने राजकीय इंटर कॉलेज, श्यामपुर में आधुनिक डिजिटल कंप्यूटर लैब स्थापित की है। कंपनी के एचआर अर्जुन सिंह चौहान ने बताया कि यह लैब विद्यार्थियों के ज्ञान, तकनीकी कौशल और नवाचार क्षमता को विकसित करने में अहम भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। ऐसे में यह आधुनिक कंप्यूटर लैब छात्रों को नई तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल शिक्षा का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगी।

अर्जुन सिंह चौहान ने बताया कि कंपनी की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह लैब छात्रों को कंप्यूटर और डिजिटल तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करेगी तथा उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगी।

विद्यालय प्रशासन ने सी एंड एस इलेक्ट्रिक लिमिटेड की इस सराहनीय पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक कंप्यूटर लैब से विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे और उनके सर्वांगीण विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!