(रितिक कुमार)
हरिद्वार। देशरक्षक तिराहा स्थित आर्यवृत हॉस्पिटल में आर्यवृत ब्लड सेंटर के तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में योगदान दिया।

शिविर में रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि रक्तदान महादान के साथ-साथ मानव सेवा का पुनीत कार्य है। स्वेच्छा से किया गया रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद, रानीपुर विधायक आदेश चौहान एवं मेयर किरण जैसल ने भी रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया।
सीएमओ डा. आरके सिंह ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के बाद शरीर में नए रक्त का संचार होता है। लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों से रक्तदान को लेकर लोगों में व्याप्त भ्रांतियां दूर हुई हैं और बड़ी संख्या में लोग स्वैच्छिक रूप से रक्तदान के लिए आगे आ रहे हैं।

डा. अजय मगन ने बताया कि आर्यवृत हॉस्पिटल में चिकित्सा सेवाओं के साथ ब्लड सेंटर की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को रक्त की आवश्यकता पड़ने पर काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि ब्लड सेंटर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अस्पताल संचालक डा. अखिलेश ने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज सहित सभी अतिथियों एवं रक्तदाताओं का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डा. विशाल गर्ग, डा. अतुल मगन, अमित वालिया सहित अस्पताल एवं ब्लड सेंटर से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।

