श्री रणकेश्वर धाम में निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर, बिना दवाई उपचार की सुविधा

(रितिक कुमार)

हरिद्वार। ऋषिकेश रोड स्थित श्री रणकेश्वर धाम में लोगों को विभिन्न शारीरिक समस्याओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 20 सितंबर से 24 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस शिविर में रीढ़ की हड्डी, कमर, घुटने, कंधे और नसों से संबंधित समस्याओं से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञों द्वारा जांच, फिजियोथेरेपी एवं आवश्यक परामर्श दिया जा रहा है।

शिविर में डॉ. गुरदीप सिंह (डी.पी.टी., फिजियो एक्सपर्ट) द्वारा मरीजों की जांच कर उनकी समस्या के अनुसार फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। शिविर में सर्वाइकल, घुटनों का दर्द, माइग्रेन, कमर दर्द, अधरंग (लकवा), कंधे का जाम होना, नसों से जुड़ी समस्याओं, कब्ज एवं पेट संबंधी परेशानियों सहित विभिन्न शारीरिक समस्याओं पर उपचार एवं परामर्श दिया जा रहा है।

शिविर की विशेषता यह है कि मरीजों को बिना दवाई फिजियोथेरेपी एवं व्यायाम के माध्यम से राहत प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की स्थिति के अनुसार आवश्यक व्यायाम और फिजियोथेरेपी संबंधी सलाह भी दी जा रही है।

आयोजकों के अनुसार शिविर में डॉ. रवि कुमार एवं डॉ. मन्जन कुमार भी अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। शिविर का समय प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।

शिविर का आयोजन श्री रणकेश्वर धाम, ऋषिकेश रोड, पुराने आरटीओ कार्यालय के सामने, हरिद्वार में किया जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं और अपनी शारीरिक समस्याओं के संबंध में विशेषज्ञों से समय पर परामर्श लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!