सिंगटाली पुल के पास नहाते समय महिला समेत दो लोग गंगा में बहे, SDRF तलाश में जुटी

दिनांक 28 मई को समय लगभग 01:50 बजे थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्रांतर्गत सिंगटाली पुल के पास मेरठ से आए 6 लोगों का एक समूह घूमने हेतु आया था। जानकारी के अनुसार समूह के सदस्य पुल के समीप स्नान करने के लिए नदी में गए, जहां स्नान के दौरान एक महिला एवं एक पुरुष संतुलन खोकर नदी में बह गए।

सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ की ढालवाला एवं ब्यासी टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची तथा सर्च अभियान प्रारंभ किया। एसडीआरएफ टीम के डीप डाइवर द्वारा नदी की गहराइयों में गहन तलाश की जा रही है। फिलहाल डूबे हुए दोनों व्यक्तियों का कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

डूबने वाले व्यक्तियों का विवरण

1. ऋतु पत्नी वांशिक माहेश्वरी, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी मेरठ।

2. नरेश उपाध्याय, उम्र लगभग 42 वर्ष, निवासी पोस्ट ऑफिस जागेठी गांव, थाना काकरखेड़ा, मेरठ।

साथियों द्वारा बताया गया कि सभी व्यक्ति मेरठ स्थित दास हुंडई शोरूम में कार्यरत थे तथा अवकाश होने के कारण ऋषिकेश घूमने आए थे।

अपील —

एसडीआरएफ समस्त जनमानस से अपील करती है कि गंगा नदी में बिना अनुमति अथवा प्रतिबंधित घाटों पर स्नान करने न जाएं। स्नान करते समय किनारे के पास ही रहें एवं अनावश्यक रूप से तैरने का प्रयास न करें। सावधानी एवं सतर्कता ही आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!