हरिद्वार, कनखल। संदेश नगर स्थित श्री परमधाम आश्रम में प्रातः स्मरणीय गुरु भगवान की असीम कृपा से आयोजित दिव्य एवं भव्य श्रीराम कथा का श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर आयोजित विशाल संत समागम में देशभर से पधारे संत-महात्माओं एवं हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान श्रीराम के आदर्शों और संतों के प्रेरणादायी उपदेशों का श्रवण किया। पूरे आश्रम परिसर में जय श्रीराम और हरिनाम संकीर्तन की गूंज से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि ज्ञान, वैराग्य और भक्ति मानव जीवन की तीन ऐसी दिव्य शक्तियां हैं, जिनके समन्वय से जीवन सफल और सार्थक बनता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का चरित्र सत्य, मर्यादा, त्याग और धर्म की सर्वोच्च प्रेरणा है। श्रद्धा और विश्वास के साथ रामकथा का श्रवण करने से मनुष्य के अंतःकरण के विकार दूर होते हैं तथा जीवन में शांति, सदाचार और ईश्वर के प्रति समर्पण का भाव जागृत होता है। उन्होंने संतों के सान्निध्य को जीवन का दिव्य प्रकाश बताया।

महामंडलेश्वर आचार्य ललितानंद महाराज ने कहा कि रामकथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मा के जागरण का दिव्य माध्यम है। भगवान श्रीराम का जीवन धर्म, करुणा, सेवा, क्षमा और कर्तव्यपालन की प्रेरणा देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सत्संग, स्वाध्याय, सेवा और प्रभु नाम-स्मरण को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
महामंडलेश्वर निर्भयानंद पुरी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि संसार की अशांति का समाधान केवल ईश्वर की भक्ति और गुरु कृपा में निहित है। उन्होंने कहा कि गुरु का सान्निध्य मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर आत्मज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाता है तथा संत समाज सदैव मानवता, सद्भाव, प्रेम और धर्म की रक्षा के लिए समर्पित रहा है।
संत समागम के दौरान संत-महात्माओं ने श्रीराम नाम संकीर्तन, सत्संग एवं धर्मोपदेश के माध्यम से श्रद्धालुओं को सनातन संस्कृति के संरक्षण, नैतिक जीवन, सेवा, परोपकार और राष्ट्रहित के लिए प्रेरित किया। कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की आरती कर विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि एवं समस्त मानवता के कल्याण की प्रार्थना की।
कार्यक्रम का समापन संतों के पूजन-अभिनंदन, प्रसाद वितरण और भक्तिमय वातावरण के बीच हुआ। इस अवसर पर स्वामी नित्यानंद पुरी महाराज एवं श्री भागवत पांडे ने भी अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए।

