हरिद्वार। शिक्षा और डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में सी एंड एस इलेक्ट्रिक लिमिटेड ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए राजकीय इंटर कॉलेज, श्यामपुर में अत्याधुनिक डिजिटल कंप्यूटर लैब का लोकार्पण किया। इस पहल का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उन्हें डिजिटल शिक्षा, कंप्यूटर साक्षरता और भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है।
लोकार्पण समारोह में मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने कहा कि इस कंप्यूटर लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे भविष्य की चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकेंगे।

सी एंड एस इलेक्ट्रिक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी समित सचदेवा ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और तकनीकी संसाधनों को प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह डिजिटल कंप्यूटर लैब विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और नवाचार क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र लाल ने इस पहल को विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कंपनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक कंप्यूटर लैब से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर शिक्षा मिलेगी और उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार होगी।
कार्यक्रम में सीएचआरओ जितेंद्र मोरा ने कहा कि तकनीकी शिक्षा आज सफलता की कुंजी है और यह लैब विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई दिशा देगी। संचालन प्रमुख संजय जैन ने कहा कि कंप्यूटर ज्ञान आज हर क्षेत्र की आवश्यकता बन चुका है और इस पहल से विद्यार्थियों को तकनीक के साथ आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
प्लांट प्रमुख अमित त्रेहान ने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों तक आधुनिक तकनीक पहुंचाने की इस पहल को सराहनीय बताया, जबकि प्लांट प्रमुख प्रवीण शर्मा ने कहा कि डिजिटल शिक्षा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और रोजगार की संभावनाओं को सशक्त बनाती है तथा यह पहल अनेक विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने इस सहयोग के लिए सी एंड एस इलेक्ट्रिक लिमिटेड का आभार व्यक्त किया।

