संत श्री आनंद प्रकाश बापू की पावन स्मृति में विशाल संत समागम

(रितिक कुमार)

हरिद्वार। भूपतवाला स्थित श्री नकलक धाम में परम पूज्य गुरु भगवान संत श्री आनंद प्रकाश बापू जी की पावन स्मृति में श्री आनंद प्रकाश बापू सेवा समिति के तत्वावधान में विशाल संत समागम का भव्य आयोजन किया गया। गुजरात की पावन धरा से पधारे समिति के सेवाभावी भक्तजनों ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सत्संग, भव्य कीर्तन, संत सेवा और संत भंडारे का आयोजन किया।

आयोजन के दौरान हजारों संत-महात्माओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया तथा वस्त्र एवं दक्षिणा भेंट कर संत सेवा की गई। संतों के सानिध्य में आयोजित सत्संग और आध्यात्मिक कार्यक्रमों से श्री नकलक धाम का पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। हरि नाम, भक्ति और संत वाणी से धाम गुंजायमान रहा।

भव्य कीर्तन एवं सत्संग के दौरान श्रद्धालुओं ने संत-महात्माओं के आध्यात्मिक विचारों का श्रवण किया और ज्ञान एवं भक्ति की पावन धारा में गोता लगाकर स्वयं को धन्य एवं कृतार्थ महसूस किया। संतों के आशीर्वाद और भक्ति भाव से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

समागम में गुजरात सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में भक्तजन पहुंचे और श्रद्धापूर्वक संत सेवा में सहभागिता की। संत भंडारे में हजारों संत-महात्माओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन ने संत सेवा, भक्ति और सनातन परंपरा की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की।

श्री नकलक धाम में आयोजित यह विशाल संत समागम संत श्री आनंद प्रकाश बापू जी की पावन स्मृतियों को समर्पित रहा, जिसमें श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!