धनपुरा, पदार्था और सुल्तानपुर में मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण, गंदगी मिलने पर जारी किया नोटिस
हरिद्वार। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने धनपुरा, पदार्था एवं सुल्तानपुर स्थित मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के कुल आठ नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें शहरी क्षेत्रों और जनपद की सीमाओं पर लगातार निरीक्षण कर रही हैं। अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और मिलावटखोरी पर प्रभावी रोक लगाना है।
निरीक्षण के दौरान टीम ने धनपुरा स्थित गुप्ता मिष्ठान भंडार और मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स सहित विभिन्न मिठाई निर्माण इकाइयों की जांच की। इस दौरान बर्फी के दो, गुलाब जामुन का एक, मिल्क केक का एक, मावा बर्फी का एक, सफेद रसगुल्ले का एक तथा डोडा बर्फी का एक नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त एक अन्य नमूना लेकर कुल आठ नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।

विभागीय टीम ने मिठाई निर्माताओं को निर्देश दिए कि वे मिठाइयों की सही खाद्य श्रेणी का उल्लेख करें। साथ ही मिठाइयों की ट्रे एवं पैकेजिंग पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित करने के बाद ही उनकी बिक्री एवं आपूर्ति सुनिश्चित करें। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
मिठाइयों पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित करना अनिवार्य
निरीक्षण के दौरान एक बतीसा निर्माण इकाई में गंदगी पाए जाने और मशीनों की साफ-सफाई उचित नहीं होने पर विभाग ने नोटिस जारी किया। संचालक को निर्माण एवं भंडारण स्थल पर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली पर्व को देखते हुए मिलावट के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों पर कार्रवाई की जाएगी।

