हिमालय से अफ्रीका, यूनान से चीन तक की औषधीय वनस्पतियों की विरासत देखने का मिलेगा अवसर, कृषि तकनीक और जैविक खेती पर होंगे विशेष सत्र
हरिद्वार। पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित मालागांव में 4 से 6 नवंबर तक तीन दिवसीय ‘हर्बल कुंभ : जड़ी-बूटी कृषि मेला एवं धन्वंतरि महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। हर्बल वर्ल्ड हिमालय (श्री धन्वंतरि धाम) में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में देशभर से किसान, कृषि वैज्ञानिक, विशेषज्ञ, उद्यमी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
पतंजलि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति स्वामी रामदेव एवं कुलपति आचार्य बालकृष्ण के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करना तथा औषधीय पौधों और हिमालयी फसलों की खेती को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से किसानों के लिए बाजार, स्वरोजगार और ग्रामीण उद्यमिता के नए अवसर विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा।

महोत्सव की विशेषता यह होगी कि यहां हिमालय से लेकर अफ्रीका और यूनान से चीन तक की विभिन्न वनस्पतियों एवं पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की विरासत को एक ही परिसर में देखने और समझने का अवसर मिलेगा।
मंत्रियों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
चार नवंबर को आयोजित उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं धन सिंह रावत शामिल होंगे। पांच नवंबर को कैबिनेट मंत्री भगत सिंह चौधरी तथा छह नवंबर को समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कृषि तकनीक, जैविक खेती और उद्यमिता पर होगा मंथन
तीन दिवसीय मेले में कृषि एवं जड़ी-बूटी प्रदर्शनी के साथ किसानों के लिए विभिन्न प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें मिट्टी की जांच, मॉडल खेती, मधुमक्खी पालन, कीट प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, डिजिटल कृषि, कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग और मार्केटिंग जैसे विषय शामिल रहेंगे। इसके अलावा गौशाला के स्वावलंबी मॉडल, कोकोपीट एवं कॉयर उद्योग तथा उच्च मूल्य वाली फसलों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
मेले में पतंजलि किसान डायरी का विमोचन, कृषि मशीनरी एवं उत्पादों की प्रदर्शनी, जल संरक्षण मॉडल, पारंपरिक उत्पादों एवं व्यंजनों के स्टॉल, किसान मंच और क्रेता-विक्रेता सम्मेलन भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। एफपीओ और स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी के साथ किसानों एवं वैज्ञानिकों के बीच संवाद, सेमिनार और कार्यशालाएं भी आयोजित होंगी।
तीन दिनों तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
चार नवंबर को उद्घाटन के साथ कृषि एवं हर्बल प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के आशीर्वचन तथा अतिथियों के संबोधन के बाद प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। शाम को पतंजलि विश्वविद्यालय और माला भजन मंडली की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
पांच नवंबर को उन्नत कृषि प्रशिक्षण, कृषि प्रसंस्करण और बाजार एकीकरण पर विशेष सत्र होंगे। किसानों को विभिन्न कृषि तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। शाम को स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और माला भजन मंडली की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
छह नवंबर को धन्वंतरि महोत्सव एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदर्शनी और प्रशिक्षण सत्र जारी रहेंगे। दोपहर एक बजे आयोजित समापन सत्र में प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
ज्ञान और परंपरा का केंद्र बनेगा हर्बल वर्ल्ड हिमालय: आचार्य बालकृष्ण
पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि लगभग 200 एकड़ में फैला हर्बल वर्ल्ड हिमालय पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान, औषधीय वनस्पतियों की विरासत और प्राकृतिक संपदा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित परिसर है। यहां हिमालय से लेकर अफ्रीका और यूनान से चीन तक की विविध वनस्पतियों एवं पारंपरिक चिकित्सा विरासत को एक स्थान पर संजोने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि हर्बल कुंभ इस विरासत को कृषि, विज्ञान, अनुसंधान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। इससे किसानों को नई तकनीकों की जानकारी मिलने के साथ ही औषधीय खेती और कृषि आधारित उद्यमों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

