श्री गुरु कृपा धाम में भव्य भजन संध्या एवं संत समागम, गुरु महिमा से सराबोर हुआ वातावरण

(रितिक कुमार)

हरिद्वार। भूपतवाला स्थित श्री गुरु कृपा धाम, श्री रामानंद सरस्वती चैरिटेबल ट्रस्ट (जैन मंदिर के पीछे) में वार्षिक दो दिवसीय भजन संध्या एवं संत समागम का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं एवं संत महापुरुषों ने सहभागिता कर गुरु कृपा का लाभ प्राप्त किया।

आध्यात्मिक आयोजन के दौरान परम पूज्य श्री रामानंद सरस्वती महाराज (नकुड़ वाले महाराज जी) की पावन कृपा से ज्ञान, भक्ति और आत्मचिंतन की अविरल धारा प्रवाहित हुई। महाराज जी ने अपने दिव्य प्रवचनों में कहा कि गुरु का सानिध्य मानव जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। गुरु ही मनुष्य को सत्य, धर्म और आत्मकल्याण के मार्ग पर अग्रसर करते हैं।

इस अवसर पर राष्ट्रपति पदक से सम्मानित परम पूज्य देवी सुदीक्षा सरस्वती जी महाराज ने अपने प्रेरणादायक विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु भवसागर से पार लगाने वाली वह दिव्य शक्ति हैं, जिनकी कृपा से जीवन का अंधकार समाप्त होकर आत्मा परम सत्य की ओर अग्रसर होती है। उन्होंने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन मनुष्य जीवन को नई दिशा, प्रकाश और सार्थकता प्रदान करता है।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित भजन संध्या में भक्ति रस से ओतप्रोत सुंदर भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्तजन गुरु भक्ति एवं प्रभु स्मरण में लीन नजर आए और पूरा आश्रम भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव कालिया, सचिव संजीव जसूजा, कोषाध्यक्ष अमृत बजाज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ट्रस्टीगण एवं संत महापुरुष उपस्थित रहे। आयोजन श्रद्धा, सेवा और गुरु भक्ति का अनुपम संगम बनकर सभी के हृदय में विशेष छाप छोड़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!