(रितिक कुमार)
हरिद्वार। लक्सर रोड, जगजीतपुर स्थित होप सुपरस्पेशलिटी एंड कैंसर हॉस्पिटल में शुक्रवार को कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अत्याधुनिक ऑन्कोलॉजी विभाग का भव्य उद्घाटन किया गया। विभाग में डिजिटल लीनियर एक्सेलेरेटर और PET-CT स्कैन जैसी उन्नत तकनीकों से युक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इन सुविधाओं का उद्देश्य कैंसर के सटीक निदान और बेहतर उपचार में मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री विनय शंकर पाण्डेय, IAS, सचिव मुख्यमंत्री एवं सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, उत्तराखंड सरकार रहे। उन्होंने डॉ. एस.के. मिश्रा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं का विस्तार प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी जी महाराज ने डॉ. एस.के. मिश्रा को बधाई देते हुए कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार की आधुनिक सुविधाएं हरिद्वार में उपलब्ध होना मरीजों के लिए महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, कुंभ मेला अधिकारी मनीष दत्त, अवधूत आश्रम के महामंडलेश्वर संतोषानंद, महाबलेश्वर सत्यानंद गिरी, समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, गंगा सभा के प्रचारक उज्ज्वल पंडित, पूर्वांचल सभा के आशुतोष पांडे, महेश दुबे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अस्पताल के संस्थापक एवं निदेशक डॉ. एस.के. मिश्रा ने बताया कि अस्पताल में कैंसर उपचार से जुड़ी आधुनिक मशीनों और तकनीकों को उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित आसपास के क्षेत्रों के जरूरतमंद मरीजों को बेहतर कैंसर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि होप हॉस्पिटल मरीजों के लिए आशा की एक किरण के रूप में कार्य करने का प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम डॉ. आर.के. सिद्धू (CMD), डॉ. गौरव शर्मा एवं डॉ. मनोज सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान होप नर्सिंग के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उद्घाटन समारोह में मौजूद अतिथियों ने अस्पताल प्रबंधन को नई सुविधा के शुभारंभ पर शुभकामनाएं दीं।

