जीआरपी पुलिस लाइन में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

हरिद्वार। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जीआरपी पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में एसपी जीआरपी सुश्री अरुणा भारती ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।

समारोह को संबोधित करते हुए एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने का आह्वान करते हुए सभी को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई।

एसपी जीआरपी ने कहा कि देश की सुरक्षा और नागरिकों की सेवा पुलिस बल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें। उन्होंने रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जीआरपी पुलिस लाइन में विभिन्न मनोरंजक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें रस्साकशी, मटका फोड़, म्यूजिकल चेयर, बॉल ट्रे रेस सहित अन्य खेल प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। प्रतियोगिताओं में पुलिसकर्मियों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच मिष्ठान का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में जीआरपी के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे और सभी ने देशभक्ति के जज्बे के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!