हरिद्वार। हरिपुर कला स्थित श्री गीता कुटीर तपोवन आश्रम इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर है। आश्रम परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं एवं भागवत महापुराण के पावन प्रसंगों का श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों के लिए प्रसिद्ध श्री गीता कुटीर तपोवन आश्रम का वातावरण कथा के दौरान पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। कथा स्थल को आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
कथा के दौरान कैलाश गुप्ता जी ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मानव जीवन को धर्म, प्रेम, सत्य और भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि कथा श्रवण से मन को शांति प्राप्त होती है तथा व्यक्ति के भीतर आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है।
भजन-कीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के भावपूर्ण वर्णन से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। आयोजन समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं के लिए उत्तम व्यवस्थाएं की गई हैं तथा अधिक से अधिक लोगों से कथा में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की गई है।
कथा के समापन अवसर पर प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान शकुंतला गुप्ता, अमित बंसल, विकास बंसल, अजय गुप्ता, अनिल अरोड़ा सहित करनाल से आए अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

