हरिद्वार। हरिपुर कला स्थित श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच निरंतर जारी है। 8 जुलाई से शुरू हुआ यह धार्मिक आयोजन 14 जुलाई तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कथा व्यास पंडित डॉ. ललित शर्मा भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, धर्म, भक्ति, सत्संग और मानव जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित प्रेरणादायी प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर रहे हैं। उनकी ओजस्वी वाणी से कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण में सराबोर है और श्रद्धालु आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं।
श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में हरिपुर कला सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कथा स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
आयोजक सतीश पटेल एवं विशाल पटेल ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को कथा पूर्णाहुति के अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान, हवन-पूजन एवं विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।

