हरिद्वार। भूपतवाला स्थित शिवम एनक्लेव, ऋषिकेश रोड पर वैश्य युवा समिति (रजिस्टर्ड) के तत्वावधान में रविवार, 26 जुलाई को भव्य संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। कथा व्यास अजय यागनिक जी के श्रीमुख से होने वाले सुंदरकांड पाठ को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था का प्रसार करना ही नहीं, बल्कि समाज में एकता, सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी सशक्त करना है। आयोजन के दौरान भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, ऋषिकेश के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल, उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत, लोकसभा सांसद सतपाल ब्रह्मचारी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों के कार्यक्रम में शामिल होने की प्रबल संभावना है।
इस अवसर पर वैश्य युवा समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों हरिशंकर गुप्ता, सुरेश गुप्ता, निशी गुप्ता, श्रवण गुप्ता, मुकेश गोयल, त्रिलोक गुप्ता, आनंद गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, सतीश कुमार गुप्ता, विजय बंसल, प्रदीप गुप्ता और अशोक गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने वैश्य समाज की राष्ट्र निर्माण, अर्थव्यवस्था, शिक्षा और सामाजिक सेवा में भूमिका पर प्रकाश डाला।
समिति के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज सदैव समाज और राष्ट्र के उत्थान की भावना के साथ कार्य करता आया है। वहीं समिति के मंत्री निशी गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज हर क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ कर रहा है। उन्होंने बताया कि शिवम एनक्लेव भवन का निर्माण समाज और सर्वधर्म के लोगों को हरिद्वार में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है तथा इसी सेवा भावना के तहत संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करने का आह्वान किया।

