(रितिक कुमार)
हरिद्वार। गंगा मैया की अपार कृपा से धर्मनगरी हरिद्वार के भूपतवाला स्थित अग्रवाल भवन में 12 सितंबर से 18 सितंबर तक श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा के दौरान कथा व्यास श्री स्वामी अखंडानंद सरस्वती जी महाराज, वृंदावन वाले के कृपा पात्र स्वामी श्री श्रवणानंद सरस्वती जी महाराज के श्रीमुख से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का अमृत रसपान कराया जा रहा है।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं के साथ-साथ भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और धर्म के महत्व का भावपूर्ण एवं सुंदर वर्णन किया जा रहा है। कथा व्यास द्वारा श्रीमद्भागवत के प्रसंगों को सरल एवं भक्तिमय शैली में प्रस्तुत किए जाने से श्रद्धालु आध्यात्मिक अनुभूति से ओत-प्रोत हो रहे हैं।
कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु अग्रवाल भवन पहुंच रहे हैं। कथा स्थल पर भजन-कीर्तन एवं श्रीहरि के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु कथा का श्रवण कर स्वयं को भगवान की भक्ति में समर्पित करते हुए आध्यात्मिक शांति का अनुभव कर रहे हैं।
आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। कथा के माध्यम से धर्म, संस्कार और सनातन परंपराओं का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया।

