ध्रुव-प्रहलाद की अटूट भक्ति से भक्तिमय हुआ सुखदेव आश्रम

(रितिक कुमार)

हरिद्वार। सुखदेव आश्रम में राधे-राधे भागवत समिति, जयपुर राजस्थान के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस श्रद्धालुओं ने भक्त ध्रुव, कपिल देव अवतार एवं भक्त प्रहलाद के प्रेरणादायी प्रसंगों का श्रवण किया। कथा के दौरान आश्रम परिसर भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा।

व्यास पीठ पर विराजमान परम श्रद्धेय मदन मोहन जी महाराज ने भक्त ध्रुव चरित्र, कपिल देव अवतार तथा भक्त प्रहलाद चरित्र का भावपूर्ण वर्णन करते हुए भक्ति, त्याग और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास का महत्व बताया।

कथा व्यास ने कहा कि बालक ध्रुव ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद भगवान की भक्ति और तपस्या का मार्ग नहीं छोड़ा। उनकी दृढ़ श्रद्धा और संकल्प से प्रसन्न होकर भगवान ने उन्हें दर्शन दिए और जीवन में उच्च स्थान प्रदान किया। वहीं भक्त प्रहलाद ने भी विपरीत परिस्थितियों और अनेक बाधाओं के बीच भगवान विष्णु की भक्ति को नहीं छोड़ा। उनकी निष्काम भक्ति और अटूट विश्वास यह संदेश देता है कि सच्ची श्रद्धा के सामने कोई भी संकट स्थायी नहीं रह सकता।

कपिल देव अवतार के प्रसंग के माध्यम से श्रद्धालुओं को आत्मज्ञान, भक्ति और सदाचार का महत्व भी समझाया गया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए और भाव-विभोर होकर श्रीमद्भागवत कथा का रसपान किया। पूरे आश्रम परिसर में भजन-कीर्तन एवं जयकारों से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!