मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन से 73 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच, 14 नमूने मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर हटवाए
रुड़की/हरिद्वार। दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने रुड़की शहर और रुड़की कैंट क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत मिठाई विक्रेताओं, बेकरी प्रतिष्ठानों और खाद्य कारोबारियों की जांच की गई।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत एवं सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों के 12 नमूने और पनीर का एक नमूना सहित कुल 13 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
जांच के दौरान कुछ बेकरी प्रतिष्ठानों पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं पाई गई। वहीं, बिना खाद्य लाइसेंस के कारोबार किए जाने के मामले भी सामने आए। इस पर विभाग की ओर से तीन खाद्य कारोबारियों को मौके पर नोटिस जारी किए गए। साथ ही मिठाई एवं बेकरी उत्पाद विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री में स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कारोबार करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन के माध्यम से मिठाई, दूध एवं दुग्ध उत्पादों, नमकीन और बेकरी उत्पादों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई। इस दौरान कुल 73 खाद्य नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 14 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभागीय टीम ने संबंधित खाद्य उत्पादों को मौके से हटवाया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत निर्धारित नियमों का पालन करें। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्माण एवं समाप्ति तिथि का विशेष ध्यान रखें। अभियान में खाद्य विश्लेषक अनुराग सहित विभागीय कर्मचारी भी मौजूद रहे।

