साईं वसंण शाह दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य शोभायात्रा के साथ संत-भक्त समागम शुरू

हरिद्वार। मायापुर स्थित शिव मूर्ति गली के साईं वसंण शाह दरबार में तीन दिवसीय संत-भक्त समागम का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। समागम में देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु एवं संत-महात्मा शामिल हुए। शुभारंभ अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए गुरु महिमा का गुणगान किया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण और जयकारों से गूंज उठा।

समागम को संबोधित करते हुए परम पूज्य गद्दीनशीन साईं कालीराम साहिब ने कहा कि जिस व्यक्ति की गुरु और ईश्वर में अटूट आस्था एवं विश्वास होता है, उसका जीवन सदैव सुख, शांति और कल्याण से परिपूर्ण रहता है। उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि मनुष्य को सत्य, सेवा, प्रेम और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं। गुरु के बताए मार्ग पर चलने और ईश्वर की भक्ति करने वाला व्यक्ति जीवन की कठिन से कठिन परिस्थितियों का भी धैर्य और विश्वास के साथ सामना कर सकता है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने जीवन में प्रेम, करुणा, सेवा और मानवता के मूल्यों को अपनाने तथा समाज में सद्भाव और भाईचारे का संदेश फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुरु का सान्निध्य मनुष्य के जीवन को नई दिशा देता है और आत्मिक शांति का मार्ग प्रशस्त करता है।

तीन दिवसीय समागम के दौरान सत्संग, भजन-कीर्तन, गुरु वाणी, आध्यात्मिक प्रवचन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समागम में भाग लेने के लिए देशभर से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे हैं। साईं वसंण शाह दरबार को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं के लिए भोजन, प्रसाद एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। श्रद्धालुओं ने इस समागम को आध्यात्मिक ऊर्जा, गुरु कृपा और भक्तिभाव का अद्भुत संगम बताते हुए इसे अपने जीवन के लिए प्रेरणादायक बताया। पूज्य साईं परमानंद साहिब की पावन कृपा से समस्त श्रद्धालु इस दिव्य आयोजन में आनंदपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!