शिवडेल स्कूल में सावन उत्सव की धूम, नन्हे शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

(रितिक कुमार)

हरिद्वार। सावन मास के पावन अवसर पर सेक्टर 1 स्थित शिवडेल स्कूल के स्ववेद प्ले ग्रुप में सावन उत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच धूमधाम से मनाया गया। भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से बच्चों को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की सबसे विशेष प्रस्तुति बच्चों द्वारा निकाली गई मनमोहक कांवड़ यात्रा रही। रंग-बिरंगी कांवड़ अपने नन्हे कंधों पर धारण किए बच्चों ने पूरे विद्यालय परिसर में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ भक्तिमय वातावरण का सृजन किया।

इस अवसर पर बच्चों ने भगवान शिव, माता पार्वती, पवित्र नदियों एवं अन्य पौराणिक पात्रों की आकर्षक वेशभूषा धारण कर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और नृत्य प्रस्तुत किए। उनकी मासूम अदाओं, उत्साह और भक्ति भाव ने उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षकों को भावविभोर कर दिया।

विद्यालय के अध्यक्ष स्वामी शरद पुरी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और नैतिक संस्कारों का बीजारोपण बाल्यावस्था से ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन बच्चों में अनुशासन, आध्यात्मिक चेतना और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य पुनीत श्रीवास्तव जी ने कहा कि शिवडेल स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और पारंपरिक विरासत से बच्चों को जोड़ना विद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक जागरूकता को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!