हरिद्वार। हरिद्वार के सेक्टर-4 बीएचईएल चौराहे पर रविवार को विभिन्न सामाजिक, छात्र एवं श्रमिक संगठनों ने जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के आंदोलन के कथित दमन के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन का समर्थन किया।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे छात्र आंदोलन को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया गया, जिसकी उन्होंने कड़े शब्दों में निंदा की। प्रदर्शन के दौरान सरकार से लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने तथा छात्रों की आवाज़ को दबाने के बजाय उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार करने की अपील की गई।
इस विरोध प्रदर्शन में संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा, इंकलाबी मजदूर केन्द्र, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन, प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र, भेल मजदूर ट्रेड यूनियन, किर्बी श्रमिक कमेटी, प्रगतिशील भोजन माता संगठन, एवरेडी मजदूर यूनियन, देवभूमि श्रमिक संगठन, हिन्दुस्तान यूनिलीवर सहित कई संगठनों एवं यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के संयोजक नासिर अहमद ने किया। इस दौरान इंकलाबी मजदूर केन्द्र के पंकज कुमार, प्रगतिशील भोजन माता संगठन की उपाध्यक्ष रजनी, परिवर्तनकामी छात्र संगठन की मानसी, अनुराग, दीपांकज व शुभम, प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र की दीपा, भावना, प्रीति एवं मालती, जन अधिकार संगठन के मौ. जौक, किर्बी श्रमिक कमेटी के कृष्ण मुरारी, सिमेन्स वर्कर्स यूनियन (सी एंड एस) के महिपाल, देवभूमि श्रमिक संगठन के हरीश मेहरा तथा एवरेडी मजदूर यूनियन के महामंत्री अनिल कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों की अनदेखी जारी रही तो भविष्य में व्यापक जन आंदोलन चलाया जाएगा।

