जगजीतपुर। डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन एवं शिवडेल स्कूल जगजीतपुर के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, संस्कार एवं समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर उनके समर्पण और सेवाभाव को नमन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व एवं चरित्र का निर्माण कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि है।
कार्यक्रम में अतिथि आदेश चौहान एवं विभाग प्रचारक राकेश कुमार ने भी शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और अनुभव के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
शिवडेल स्कूल के प्रबंधक स्वामी शरद पुरी महाराज ने कहा कि शिक्षक सम्मान वास्तव में पूरी शिक्षा व्यवस्था का सम्मान है। शिक्षा ही समाज को संस्कारित, जागरूक और सशक्त बनाने का माध्यम है। उन्होंने सभी शिक्षकों को उनके समर्पण एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैयर ने कहा कि शिक्षा और खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के दो महत्वपूर्ण आधार हैं। शिक्षकों एवं खेल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से युवाओं की प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलते हैं।
समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षकों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने शिक्षा, संस्कार और खेल के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने के लिए शिक्षकों एवं युवाओं को प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन मयंक शर्मा ने किया। समारोह में रवि बजाज, मेयर प्रतिनिधि सुभाष चंद, विकास तिवारी, बलराम कपूर, अनिल पुरी, अभिनव चौहान, दीपांशु विद्यार्थी, गुलशन अदलाखा, अंकुश रोहिला, मयंक गुप्ता, अर्श नैयार एवं पार्थ मोदी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, गणमान्य व्यक्ति और अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे।

