U-14 डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल चैम्पियनशिप में डीएवी और डीपीएस रानीपुर का दबदबा

हरिद्वार। डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित U-14 डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल चैम्पियनशिप का समापन रोमांचक मुकाबलों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैम्पियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि बालिका वर्ग में डीपीएस रानीपुर विजेता बना।

डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक और कड़े मुकाबले देखने को मिले। बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में डीएवी पब्लिक स्कूल और डीपीएस रानीपुर आमने-सामने रहे। डीएवी पब्लिक स्कूल ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 58-38 के स्कोर से जीत दर्ज की और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

वहीं, बालिका वर्ग के फाइनल में डीपीएस रानीपुर और डीएवी पब्लिक स्कूल के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंततः डीपीएस रानीपुर ने 36-32 के स्कोर से जीत दर्ज कर चैम्पियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की।

खिलाड़ियों को किया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनोज जख्मोला ने विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए खिलाड़ियों को निरंतर कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेहनत के बल पर ही खिलाड़ी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। खेलों से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को किसी न किसी खेल से जुड़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज के यही खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। हरिद्वार लगातार खेलों के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है और यहां की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मनोज जख्मोला ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। इनमें उद्यमान खिलाड़ी पुरस्कार योजना, खेल महाकुंभ, खिलाड़ियों के लिए स्कॉलरशिप तथा टैलेंट सर्च योजना जैसी पहल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेलों का भविष्य उज्ज्वल है और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।

अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैयर ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विजेता टीमों को शुभकामनाएं देते हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में उत्तराखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव मनदीप ग्रेवाल, शिवडेल स्कूल के चेयरमैन स्वामी शरदपुरी जी महाराज, प्रधानाचार्य अरविंद बंसल, मेयर प्रतिनिधि सुभाष जैसल, विकास तिवारी, डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के चेयरमैन रवि बजाज, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, मयंक शर्मा, लक्ष्य शर्मा, मनोरम शर्मा, इंद्रेश गौड़, आकांक्षा शर्मा एवं सुभाष अदलखा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया और हरिद्वार में बास्केटबॉल के प्रति बढ़ते उत्साह को भी दर्शाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!