डीपीएस रानीपुर के तीन दिवसीय ‘स्वर्ण अक्षर-2026’ का भव्य समापन, मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने विद्यालय की स्वर्णिम यात्रा को बताया अद्वितीय

हरिद्वार,। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), रानीपुर में आयोजित तीन दिवसीय स्वर्ण जयंती साहित्यिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘स्वर्ण अक्षर-2026 : स्वर्णिम प्रवाह’ का गुरुवार को भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। साहित्य, संस्कृति, कला, संगीत और सृजनात्मकता से सजे इस आयोजन ने डीपीएस रानीपुर की पांच दशकों की गौरवपूर्ण यात्रा, उपलब्धियों और समृद्ध विरासत को जीवंत कर दिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव श्री आनंद बर्धन, आईएएस तथा श्री राजेश कुमार द्विवेदी, निदेशक (वित्त) एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी, भेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री मयूर दीक्षित, आईएएस, जिलाधिकारी हरिद्वार एवं श्री रंजन कुमार, कार्यपालक निदेशक, भेल हरिद्वार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत, स्वागत गीत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

मुख्य अतिथि श्री आनंद बर्धन ने साहित्य की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तकनीक हमें उत्तर दे सकती है, लेकिन साहित्य बेहतर प्रश्न पूछना सिखाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, सहयोग की भावना विकसित करने और समाज में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने डीपीएस रानीपुर की प्रतिभाओं की सराहना करते हुए विद्यालय की 50 वर्षों की यात्रा और उपलब्धियों को अद्वितीय बताया तथा विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।

श्री राजेश कुमार द्विवेदी, निदेशक (वित्त) एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी, भेल ने डीपीएस रानीपुर और भेल की साझा विरासत की सराहना की। उन्होंने साहित्य को जीवन और आत्म-खोज को समृद्ध करने वाला माध्यम बताते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

वहीं श्री रंजन कुमार, कार्यपालक निदेशक, भेल हरिद्वार ने विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, सुदृढ़ मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की। उन्होंने डीपीएस रानीपुर एवं प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा को बौद्धिक एवं सांस्कृतिक भावना से ओतप्रोत इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।

समारोह के दौरान प्रस्तुत स्वर्ण जयंती वीडियो ने डीपीएस रानीपुर की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की पांच दशकों की गौरवपूर्ण यात्रा, उपलब्धियों और पूर्व विद्यार्थियों की सफलताओं को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। वीडियो प्रस्तुति ने दर्शकों को विद्यालय की स्वर्णिम विरासत से रूबरू कराया।

प्रख्यात कवि श्री सतीश सृजन तथा प्रसिद्ध कवयित्री सुश्री वैष्णवी शर्मा की उपस्थिति ने समारोह को विशेष साहित्यिक गरिमा प्रदान की। सुश्री वैष्णवी शर्मा ने महाभारत के विभिन्न प्रसंगों को कविता के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समारोह में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कठपुतली नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं शास्त्रीय नृत्य पर आधारित ‘नृत्य नवरस’ के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अपनी सशक्त नृत्य शैली का शानदार प्रदर्शन किया। मुंबई से विशेष रूप से आए कथक नृत्य समूह ने कथक शैली में रामायण के प्रसंगों की मनोहारी प्रस्तुति देकर दर्शक दीर्घा को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके अलावा विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रहस्य एवं रोमांच से भरपूर अंग्रेजी नाट्य मंचन को भी दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

स्वर्ण अक्षर-2026’ का यह आयोजन डीपीएस रानीपुर की स्वर्णिम विरासत को नमन करते हुए नए उत्साह, संकल्प और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने का संदेश दे गया।

समापन अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने मुख्य अतिथि मुख्य सचिव श्री आनंद बर्धन एवं श्री राजेश कुमार द्विवेदी सहित सभी अतिथियों का गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रेस प्रतिनिधियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि डीपीएस रानीपुर के स्वर्णिम वर्ष में प्रवेश का यह प्रथम आयोजन है और वर्षभर विभिन्न कार्यक्रमों एवं उत्सवों के माध्यम से इस गौरवपूर्ण यात्रा को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीपीएस रानीपुर सदैव उत्कृष्टता के पथ पर अपने विद्यार्थियों को अग्रसर करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!